श्रावस्ती जनपद के गिलौला क्षेत्र में स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए लोग गाड़ियों के साथ-साथ पीपे लेकर भी लाइन में लग गए। वाहनों की लंबी कतारें पेट्रोल पंप से निकलकर NH-730 हाईवे तक पहुंच गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गिलौला पुलिस को मौके पर तैनात किया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों से व्यवस्थित तरीके से लाइन में लगने और शांति बनाए रखने की अपील की। इस भीड़ के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ, जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय निवासियों ननकऊ, राजिंद्र जायसवाल, सोहन और लक्ष्मण ने बताया कि क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह फैल गई थी। इसी कारण लोग बड़ी मात्रा में ईंधन भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जिससे अचानक भीड़ बढ़ गई और लंबी कतारें लग गईं। कई लोगों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। हालांकि, प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी आवश्यकतानुसार ही ईंधन भरवाएं। पंप संचालक बुद्धिलाल ने बताया कि उनके पंप पर तेल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और नए स्टॉक के लिए ऑर्डर दे दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेल की कोई कमी नहीं है, बल्कि पहले लोग 50 या 100 रुपये का तेल डलवाते थे, अब वे अपनी टंकी फुल करा रहे हैं, जिससे खपत बढ़ गई है और यह समस्या उत्पन्न हुई है। प्रशासन की सतर्कता और पुलिस की मौजूदगी से हालात को धीरे-धीरे सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों से भी संयम बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की गई है।
गिलौला पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ उमड़ी:NH-730 तक लगी वाहनों की कतारें, अफवाह से बढ़ी समस्या
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











