Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती के जंगल में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़:पुलिस मुठभेड़ के बाद...

श्रावस्ती के जंगल में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़:पुलिस मुठभेड़ के बाद 4 गिरफ्तार, कई असलहे और उपकरण बरामद


श्रावस्ती में थाना कोतवाली भिनगा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भिनगा जंगल में संचालित अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में फैक्ट्री चलाने वाले दो अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक राजप्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 19/20 मई की रात गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भिनगा जंगल में तालाब के पास बने टीले पर कुछ लोग चोरी-छिपे अवैध तमंचे और हथियार बनाने की फैक्ट्री चला रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दो टीमों का गठन कर जंगल की घेराबंदी की। पुलिस टीम के नजदीक पहुंचते ही बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली एक पुलिसकर्मी के पेट के पास से निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायर किया, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा भागते समय गिरकर घायल हो गया। दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। शेष दो अभियुक्तों को दूसरी टीम ने पीछा कर दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान साबिर अली उर्फ डंके, बाउर, कासिम और नेपाल निवासी छतर बहादुर कार्की के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे लंबे समय से जंगल में छिपकर अवैध तमंचे और बंदूकें बना रहे थे। तैयार हथियारों की सप्लाई उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ नेपाल तक की जाती थी। पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्टल (32 बोर) मय मैगजीन, दो निर्मित तमंचे, दो अर्धनिर्मित तमंचे, एक अर्धनिर्मित 12 बोर बंदूक, जिंदा व खोखे कारतूस, तमंचा निर्माण में प्रयुक्त उपकरण, पंखी मशीन, चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और 3695 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना कोतवाली भिनगा में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments