HomeHealth & Fitnessमुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े शस्त्र लाइसेंसों में अनियमितता, गाजीपुर में 5...

मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े शस्त्र लाइसेंसों में अनियमितता, गाजीपुर में 5 मुकदमे दर्ज

गाजीपुर। माफिया मुख्तार अंसारी (मृत) और उसके गैंग आईएस-191 से जुड़े लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच में सामने आई अनियमितताओं के बाद गाजीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में कुल पांच मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें शस्त्र लाइसेंस से जुड़े अभिलेखों में गड़बड़ी, दस्तावेज गायब होने और फर्जी तरीके से लाइसेंस जारी होने जैसे आरोपों की जांच की जा रही है।

पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक की निगरानी में मुख्तार अंसारी के परिवार, गैंग के सदस्यों और सहयोगियों को जारी शस्त्र लाइसेंसों का भौतिक सत्यापन कराया गया था।

जांच के दौरान कुल 43 लोगों के शस्त्र लाइसेंसों और उनसे जुड़े करीब 80 से अधिक हथियारों का सत्यापन किया गया। इसमें मुख्तार अंसारी के परिवार के पांच लोग, गैंग के 11 सदस्य या सहयोगी और 27 अन्य लाइसेंसधारी शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, सत्यापन में कई मामलों में शस्त्र लाइसेंस की मूल पत्रावलियां और हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज कार्यालय से गायब मिले। इसके अलावा कुछ मामलों में लाइसेंस प्रक्रिया में गड़बड़ी और गलत जानकारी देने की बात भी सामने आई है।

इस मामले में गाजीपुर कोतवाली और मुहम्मदाबाद थाने में कुल पांच अभियोग दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने संबंधित लाइसेंसधारकों, तत्कालीन शस्त्र लिपिकों और अन्य कर्मचारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

मामले की विवेचना के लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर गाजीपुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े अन्य शस्त्र लाइसेंसों और हथियारों का सत्यापन भी जारी है। जांच के दौरान यदि कोई अन्य अनियमितता सामने आती है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments