मुंबई। रिलायंस जियो ने बताया है कि उसने 5G नेटवर्क और डिजिटल कनेक्टिविटी के दम पर देश में अपनी पोजिशन को और मजबूत कर लिया है। NBT Tech को दी गई जानकारी के अनुसार, जियो का कुल सब्सक्राइबर बेस यानी ग्राहकों का आधार बढ़कर 53.33 करोड़ तक पहुंच गया, जबकि जियो True5G का सब्सक्राइबर बेस जून 2026 तक 28.5 करोड़ के आंकड़े को छू गया। कंपनी का कहना है कि जियो ने 12 महीनों में 7.3 करोड़ नए 5G ग्राहक जोड़े हैं। वहीं कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने कहा है कि जियो ने खुद को डीप-टेक कंपनी के तौर पर स्थापित किया है। हम चाहते हैं कि इन तकनीकों के जरिए भारत के हर नागरिक तक लगातार नई डिजिटल सेवाएं पहुंचें।
4G से डेढ़ गुना हुआ 5G डेटा ट्रैफिक
जियो के अनुसार, देश में उसके 5G ग्राहकों की संख्या बढ़ने के साथ ही जियो के नेटवर्क पर 5G डेटा ट्रैफिक अब 4G डेटा ट्रैफिक का करीब 1.5 गुना हो गया है। कुछ और दिलचस्प आंकड़े कंपनी ने साझा किए हैं।
जियो नेटवर्क पर प्रति ग्राहक डेटा खपत 43.7 GB प्रति माह है।
कुल डेटा ट्रैफिक सालाना आधार पर 26.9% बढ़कर 69.4 अरब GB तक पहुंच गया।
तीन महीने में जोड़े 89 लाख सब्सक्राइबर
कंपनी का कहना है कि उसने मोबाइल कनेक्शन्स के मोर्चे पर भी अपनी रफ्तार बनाकर रखी है। तीन महीनों के दौरान जियो का नेट सब्सक्राइबर एडिशन 89 लाख रहा। जून 26 तक कंपनी का कुल सब्सक्राइबर बेस 53.33 करोड़ तक पहुंच गया। ग्राहक संख्या में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में आई है, जब कंपनी 5G नेटवर्क पर उपयोग और डेटा खपत, दोनों मोर्चों पर मजबूत रफ्तार दिखा रही है।
फिक्स्ड ब्रॉडबैंड में जियो की पोजिशन?
जियो के अनुसार, जून 2026 तक कुल फिक्स्ड ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर्स 2.86 करोड़ रहे। पिछले 12 महीनों में करीब 86 लाख नए एडिशन हुए, जिससे जियो का मार्केट शेयर 43% से अधिक हो गया। जियो एयरफाइबर का कुल सब्सक्राइबर बेस 1.4 करोड़ से अधिक रहा है।












