लखनऊ। सरोजनीनगर स्थित बिजनौर उप निबंधक कार्यालय में शनिवार को सर्वर पूरी तरह ठप हो गया, जिससे रजिस्ट्री संबंधी सभी कार्य बाधित हो गए। इससे नाराज वकीलों ने ऑफिस का आधा शटर गिराकर कामकाज बंद करा दिया और विरोध प्रदर्शन किया।
सर्वर की समस्या के कारण कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा। रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बताया गया कि बीते गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे से ही सर्वर में तकनीकी दिक्कतें आ रही थीं, जिससे रजिस्ट्री से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे थे। शनिवार सुबह सर्वर पूरी तरह बंद हो जाने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। इससे कार्यालय में दस्तावेजों के पंजीकरण सहित सभी जरुरी काम रुक गए।वकीलों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सर्वर की यह समस्या कोई नई बात नहीं है।
लंबे समय से तकनीकी खामियों के कारण कार्य प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।वकीलों के अनुसार, बार-बार सर्वर ठप होने से वकीलों के साथ-साथ आम नागरिकों का भी समय और धन बर्बाद हो रहा है।वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहीं, रजिस्ट्री कराने आए लोगों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।












