गैस और तेल की कमी को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच सरकार की ओर से लगातार सफाई जारी की जा रही है। सरकार बार-बार कह रही है कि न तेल की कमी है और ना ही गैस की। इसके बावजूद गैस लेने के लिए लाइन लगानी पड़ रही है और कई शहरों के पेट्रोल पंप पर लंबी-लंबी लाइन लग रही है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ मीटिंग करने वाले हैं। इस मीटिंग से पहले पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि मोदी सरकार लॉकडाउन लगा सकती है। अब इन बातों को अफवाह बताते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि भारत में लॉकडाउन लगाने की बात पूरी तरह से अफवाह है।
उन्होंने यह भी लिखा है कि इस तरह की स्थिति में अफवाह फैलाना और बेवजह डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना और हानिकारक है। इससे पहले केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये की कमी कर दी है ताकि आने वाले समय में डीजल-पेट्रोल की कीमतें न बढ़ने पाएं।
यह भी पढ़ें: डीजल और पेट्रोल पर 10 रुपये कम हुई एक्साइज ड्यूटी, आपको सस्ता मिलेगा या नहीं?
लॉकडाउन पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री?
देश में लॉकडाउन लगने के कयासों पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है, ‘भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच अपनी मज़बूती दिखाई है और आगे भी हम समय पर, सक्रिय और समन्वित तरीके से कदम उठाते रहेंगे। लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। ऐसे समय में ज़रूरी है कि हम सभी शांत, ज़िम्मेदार और एकजुट रहें। इस तरह की स्थिति में अफवाह फैलाना और बेवजह डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना और हानिकारक है।’
उन्होंने ईंधन और ऊर्जा संकट के बारे में लिखा है, ‘वैश्विक स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है और हम ऊर्जा, सप्लाई चेन और ज़रूरी वस्तुओं से जुड़े हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि देश में ईंधन, ऊर्जा और अन्य आवश्यक चीज़ों की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहे। हर संभावित चुनौती से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।’
यह भी पढ़ें: ‘राहुल गांधी पप्पू…’, के नारे लगे तो विधानसभा में लड़ गए BJP-कांग्रेस के MLA
लॉकडाउन के ही मामले पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मीटिंग बुलाई और हमने फैसला लिया की तेल कंपनियों को मदद दी जाएगी ताकि आम ग्राहकों पर बोझ न पड़े। मैं हैरान हूं कि कुछ नेता कह रहे हैं कि लॉकडाउन लग जाएगा और तेल और गैस की कमी हो जाएगी। यह पूरी तरह से आधारहीन है और नेताओं की ओर से ऐसे बयान आना चिंताजनक है। ये लोग लॉकडाउन की बात कर रहे हैं लेकिन मैं बता दूं कि कोई लॉकडाउन नहीं लगने वाला है। ऐसे नेता लोगों को गुमराह कर रहे हैं।’











