जमुनहा क्षेत्र के मल्हीपुर मुख्यालय के सामने स्थित मुख्य मार्ग पर हल्की बारिश के बाद ही जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या सामने आ रही है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन बेहद कठिन हो गया है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले स्कूली बच्चे, कर्मचारी, आम नागरिक, साइकिल, मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहन चालक सभी को जलभराव और कीचड़ से भरी सड़क से होकर गुजरना पड़ रहा है। सड़क पर फिसलन बढ़ने से दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश में ही सड़क की स्थिति बदतर हो जाती है। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए इस रास्ते पर चलना मुश्किल हो जाता है। ग्राम पंचायत प्रतिनिधि गौरी शंकर सोनी ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
मल्हीपुर मुख्यालय मार्ग हल्की बारिश में ही डूबा:स्कूली बच्चे, कर्मचारी और वाहन चालकों को हो रही दिक्कत; कई बार शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं
RELATED ARTICLES












