बहराइच जिले में बाढ़ से बचाव और जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास शिवपुर के ग्राम बौडी स्थित सरयू नदी घाट पर शासन के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। इस मॉक ड्रिल में स्थानीय प्रशासन, सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के जवान और अन्य विभागों के कर्मियों ने भाग लिया। उन्होंने लोगों को आपात स्थिति में अपने बचाव के तरीके विस्तार से बताए। रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों को बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में सुरक्षित रहने, राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने और डूबते व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही, आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम लेने के महत्व पर भी जोर दिया गया। उल्लेखनीय है कि बहराइच जनपद की कैसरगंज, महसी और मोतीपुर तहसील के कई गांव हर वर्ष मानसून के मौसम में बाढ़ से प्रभावित होते हैं। इसी कारण इन क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की तैयारी महत्वपूर्ण मानी जाती है। मॉक ड्रिल के दौरान नानपारा तहसीलदार शैलेश अवस्थी, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी राम तिलक वर्मा, चिकित्साधीक्षक डॉ. सी.बी. राम, ग्राम प्रधान कमला प्रसाद वर्मा, हर्षित यज्ञसैनी, सीमा सुरक्षा बल के जवान और राजस्व विभाग की टीम सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
बहराइच में बाढ़ से बचाव को लेकर मॉक ड्रिल:सरयू घाट पर लोगों को आपदा प्रबंधन के तरीके सिखाए गए
RELATED ARTICLES












