श्रावस्ती जिले के जमुनहा ब्लॉक में नासिरगंज से बंजारनपुरवा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। वर्षों से पक्की सड़क की मांग के बावजूद यह रास्ता आज भी कच्चा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग कभी नासिरगंज से बहराइच जाने का एक प्रमुख साधन था। हालांकि, सड़क की खराब स्थिति के कारण अब इस पर आवागमन काफी कम हो गया है। मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ भरा रहता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने और फिसलन बढ़ने से स्कूली बच्चों, किसानों और अन्य राहगीरों को इसी जोखिम भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे चोट लगने का खतरा बना रहता है। नासिरगंज निवासी रमेश यादव ने बताया कि बारिश में बच्चों को स्कूल भेजना चिंता का विषय बन जाता है। वहीं, बंजारनपुरवा के शकील अहमद ने कहा कि बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। राहगीर नसीम अली और संतोष वर्मा ने भी सड़क की बदहाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र पक्की सड़क के निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग की उपेक्षा से उनके दैनिक जीवन पर बुरा असर पड़ रहा है।
नासिरगंज-बंजारनपुरवा मार्ग जर्जर:ग्रामीण परेशान, बारिश में बढ़ रही दिक्कतें
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












