दिल्ली के जंतर-मंतर और फिर देश के कई शहरों में पेपर लीक के खिलाफ जबरदस्त आंदोलन हुआ। नतीजा हुआ कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार झुक गई और धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा। अब ऐसा लग रहा है कि विपक्षी दलों और विरोधी स्वर उठाने वालों के हाथ फार्मूला लग गया है। यही वजह है कि अब पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने का मुद्दा जोर पकड़ने लगा है। सोशल मीडिया पर चर्चा में आई E20 जनता पार्टी के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने इसी मुद्दे पर दिल्ली में एक मीटिंग बुला ली है और इसमें लोगों को अपनी बात रखने का न्योता दे डाला है।
इससे पहले, E20 जनता पार्टी भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की तर्ज पर ही इंस्टाग्राम, फेसबुक और X बने इसके हैंडल्स चर्चा में आ गए हैं। खबर लिखे जाने तक इंस्टाग्राम पर 2.38 लाख फॉलोअर्स जुड़ चुके हैं। इसके हैंडल पर कई भाषाओं के इन्फ्लुएंसर्स और आम लोगों के वीडियो पड़े हैं जिनमें वे E20 का मुद्दा उठा रहे हैं। इसके अलावा, कई ऐसे वीडियो भी हैं जिनमें सीधे-सीधे केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का इस्तीफा भी मांगा गया है।
यह भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट के बाद आरक्षण के खिलाफ होगा आंदोलन? सोशल मीडिया पर मचा हंगामा
क्या है केजरीवाल का प्लान?
अरविंद केजरीवाल ने अपने X हैंडल पर लिखा है, ‘देश के युवाओं ने एक होकर आवाज़ उठाई तो धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना पड़ा। E20 पर भी हमें एक होकर आवाज़ उठानी पड़ेगी। इस शनिवार हम ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20′ आयोजित कर रहे हैं, जिसमें शामिल होकर आप E20 पर अपनी बात रख सकते हैं। आप इसमें ऑनलाइन भी शामिल हो सकते हैं। आप सभी आमंत्रित हैं।’
https://twitter.com/ArvindKejriwal/status/2081631768218923044
दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बुलाए गए इस टाउनहॉल के बारे में अब अरविंद केजरीवाल ने कहा है, ‘मेरा प्रधानमंत्री जी से निवेदन है कि लगे हाथ E20 का समाधान भी कर दीजिए। लोग बहुज ज्यादा परेशान हैं। सबकी गाड़ियां खराब हो रही हैं, सबकी माइलेज खराब हो गईं। प्रधानमंत्री जी तभी सुनेंगे, जब हम सब मिलकर एक आवाज में एक साथ आवाज उठाएंगे। इस शनिवार को हमारी कोशिश है कि देशभर में जितने लोग E20 से दुखी हैं, उन सभी को एक प्लेटफार्म पर लाना है। अगर आप दिल्ली या आसपास रहते हैं तो कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में पहुंचिए वहां आपको अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। अगर आप दूर रहते हैं तो वर्चुअली जुड़ सकते हैं। इसमें सभी इनवाइटेड हैं। जब सब मिलकर आवाज उठाएंगे तो प्रधानमंत्री जी को हमारी यह बात सुननी पड़ेगी।’
यह भी पढ़ें: तेज नहीं हैं फास्ट ट्रैक कोर्ट, हर साल हजारों केस रह जाते हैं पेंडिंग
E20 जनता पार्टी को क्या चाहिए?
E20 जनता पार्टी की पहली मांग है कि सभी पेट्रोल पंपों पर E0 यानी बिना एथेनॉल वाला पेट्रोल मिलना चाहिए। साथ ही, लोगों को विकल्प दिया जाना चाहिए कि वे अपनी मर्जी से E0, E20 या E85 पेट्रोल डलवा सकें। E20 जनता पार्टी ने लिखा है, ‘इससे समस्या अपने आप खत्म हो जाएगी। अगर कोई भी शख्स अपनी कार के लिए E0 पेट्रोल चाहता है तो उसे दीजिए। जबरदस्ती वाला काम तुरंत बंद होना चाहिए और कीमतों में अंतर भी नहीं होना चाहिए।’
इस पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की तरह ही नितिन गडकरी के इस्तीफे की मांग भी तेज कर दी है। इसका कहना है कि यह कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है बल्कि यह सिर्फ लोगों का आंदोलन है ताकि E20 को लेकर उनकी मांग उठाई जा सके। देखते ही देखते लाखों फॉलोअर्स जोड़ने वाली इस पार्टी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रजेंस दिखाई है और चर्चा में भी आ गई है।












