रामपुर:शहर के सार्वजनिक कार्यक्रमों से लेकर विकास कार्यों के निरीक्षण तक,हर जगह शहर विधायक आकाश सक्सेना का काफिला अब ई-रिक्शा से नजर आएगा।न सिर्फ वह खुद ई-रिक्शा में सवार होंगे,बल्कि उनकी सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ और पुलिस के जवान भी इन्हीं ई-रिक्शा में चलेंगे।इसके लिए उन्होंने चार ई-रिक्शा खरीदी हैं।उन्होंने यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रेरित होकर किया है।
खाड़ी देशों में युद्ध के चलते वैश्विक तेल आपूर्ति बाधित हुई है।युद्ध रूकने के बाद भी हालात सामान्य नहीं हो सके हैं और फिर दोबारा कभी भी लंबा युद्ध छिड़ सकता है।ऐसे में संभव है कि वैश्विक बाजार में तेल के दाम और अधिक हो जाएं,जिसका असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।लिहाजा,हालातों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दिनों देश की जनता से अपील करते हुए सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग करने औरा घर से ही कार्य करने की अपील की थी।ताकि,वैश्विक बाजार में बढ़ती तेल कीमतों का असर देश की अर्थव्यवस्था पर न पड़े और देश विपरीत स्थितियों के बावजूद और तेजी से प्रगति कर सके।
यही नहीं इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने काफिले से 50 प्रतिशत की कटौती करने की भी घोषणा कर दी है।इससे प्रभावित होकर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने भी शहर के होने वाले सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों और विकास कार्यों के निरीक्षण व बैठकों में सम्मिलित होने के लिए ई-रिक्शा का प्रयोग करने का फैसला किया है।उन्होंने इसके लिए चार ई-रिक्शा भी खरीद ली हैं।इन्हीं ई-रिक्शा में विधायक और उनकी सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवान और पुलिस के जवान भी चलेंगे।
काफिले में भी करेंगे 50 प्रतिशत की कटौती
रामपुर:शहर विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दूरदर्शी सोच के नेता हैं।उनकी दूरदर्शी सोच न सिर्फ देश को आर्थिक उन्नति प्रदान करेगी,बल्कि आर्थिक संकट से भी बचाने का कार्य करेगी।इसीलिए,उन्होंने भी यह फैसला किया है कि वह भी लोकल के कार्यक्रम ई-रिक्शा से करेंगे।साथ ही अपने काफिले में भी 50 प्रतिशत की कटौती करेंगे।शहर से बाहर के कार्यक्रमों में ही आने जाने के लिए वाहनों का प्रयोग किया जाएगा।
सौर ऊर्जा से चार्ज होंगी ई-रिक्शा
रामपुर:शहर विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि ई-रिक्शा की चार्जिंग के लिए उन्होंने अपने आवास पर ही 20 किलोवाट का सौलर प्लांट लगवाया है।इसी सोलर प्लांट से रिक्शा चार्ज होंगी।बताया कि भविष्य में वह इलेक्ट्रिक वाहनों का ही प्रयोग करेंगे,ताकि आने वाले समय में ऐसी कोई दिक्कत न हो।












