श्रावस्ती जिले के सिरसिया क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक बाबा विभूतिनाथ मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। तड़के लगभग तीन बजे से ही शिव भक्तों और कांवड़ियों ने मंदिर में जलाभिषेक शुरू कर दिया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर गंगाजल, बेलपत्र, फूल, फल, भांग और शहद अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों से गूंज उठा। हिमालय की तलहटी और नेपाल सीमा से सटे बाबा विभूतिनाथ मंदिर की धार्मिक मान्यता नेपाल तक फैली है। सावन और महाशिवरात्रि पर नेपाल सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और जलाभिषेक के लिए आते हैं। सोमवार को भी नेपाल समेत दूर-दराज के क्षेत्रों से शिव भक्त मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला रविवार शाम से ही शुरू हो गया था, और सोमवार सुबह होते ही दर्शन व जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लग गईं। मंदिर की परंपरा के अनुसार, सावन माह में प्रत्येक रविवार रात लगभग 10 बजे भगवान महादेव का पूजन-अर्चन और रुद्राभिषेक किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। सोमवार को जलाभिषेक के लिए पहुंचे भक्तों ने विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर अलग-अलग कतारें बनाई गईं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। प्रवेश और निकास द्वार पर पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा दल और एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी। मंदिर के आसपास पूजा सामग्री और प्रसाद की दुकानें भी सजी रहीं। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ बनी रही। सावन के तीसरे सोमवार पर बाबा विभूतिनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। देर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
सावन के तीसरे सोमवार को बाबा विभूतिनाथ मंदिर में जलाभिषेक:श्रावस्ती के सिरसिया क्षेत्र में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Home
on Hello world!












