सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर से प्रयागराज जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की अनुबंधित बस सोमवार को दुर्गापुर कस्बे के पास अचानक आग की लपटों में घिर गई। बस नंबर यूपी 44 बीटी 4036 में शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी बस धूं-धूं कर जलने लगी।
आग देखते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इस दाैरान चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस रोककर सभी यात्रियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई। राहत की बात ये रही कि सभी यात्री सुरक्षित बच निकले।
दुर्गापुर चौराहे पर जलती बस को देखकर राहगीरों सूचना पुलिस काे दी। बस में आग की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम माैके पर पहुंची और आग को काबू कर लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है, जबकि प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) उमेश गौतम ने बताया कि एक बस में आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम माैके पर पहुंची थी और आग काे बुझा दिया गया। इस आग में काेई भी जनहानि नहीं हुई है।












