Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)कोरीपुरवा में सड़क-जलभराव की समस्या:मुख्य मार्ग पर आवागमन मुश्किल, ग्रामीणों ने समाधान...

कोरीपुरवा में सड़क-जलभराव की समस्या:मुख्य मार्ग पर आवागमन मुश्किल, ग्रामीणों ने समाधान की मांग की


श्रावस्ती जिले की ग्राम पंचायत लक्ष्मणपुर भगवानपुर के मजरा कोरीपुरवा के ग्रामीण सड़क और जलभराव की गंभीर समस्या से परेशान हैं। मुख्य मार्ग पर घुटने तक कीचड़ और पानी जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व प्रधान बिहारी लाल के घर से लेकर राजेंद्र मौर्य के पालेसर तक लगभग 200 मीटर सड़क कच्ची और जर्जर है। हल्की बारिश में ही यह मार्ग तालाब में बदल जाता है। इसके अलावा, आगे बनी आरसीसी सड़क की ऊंचाई अधिक होने और उचित नाली व्यवस्था न होने के कारण पूरे मोहल्ले का पानी इसी रास्ते पर जमा हो जाता है। इससे समस्या और गंभीर हो गई है। इस बदहाल स्थिति का खामियाजा बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। परेशान ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष को एक शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने इस मार्ग पर आरसीसी या इंटरलॉकिंग सड़क के साथ पक्की नाली के निर्माण की मांग की है। इस मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) मनीष यादव ने बताया कि यह समस्या उनके संज्ञान में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों को जल्द राहत प्रदान करने के लिए अस्थायी या वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments