पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कतर्नियाघाट वन्य जीव संरक्षण अभ्यारण्य में एक दिवसीय भ्रमण शिविर का आयोजन किया। यह शिविर ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत आयोजित किया गया था। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस भ्रमण शिविर में गोंडा और बलरामपुर परिक्षेत्र के विभिन्न विभागों जैसे यांत्रिक, कैरेज एंड वैगन, मेडिकल, वाणिज्य, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा विद्युत (लोको शेड) में कार्यरत 18 महिला रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने कतर्नियाघाट में जंगल सफारी का आनंद लिया और वन्य जीवों का अनुभव प्राप्त किया। इससे पहले, उन्हें बिछिया रेलवे स्टेशन और मीटरगेज ट्रेन का भ्रमण भी कराया गया। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और उपहार भी प्रदान किए गए। इस भ्रमण शिविर का मुख्य उद्देश्य महिला कर्मचारियों को उनकी दैनिक व्यस्तताओं से हटकर एक सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना था। यात्रा के दौरान महिला कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए। मंडल प्रशासन ने मुख्य हित निरीक्षक संतोष कुमार गुप्ता और मनीष कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में पूरे कार्यक्रम की सुव्यवस्थित योजना बनाकर उसे सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा, कतर्नियाघाट में भ्रमण शिविर:पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने कर्मचारी कल्याण निधि के तहत किया आयोजन
RELATED ARTICLES












