गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित कनावनी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सामाजिक संगठनों का सराहनीय प्रयास लगातार जारी है। रेडक्रॉस गाजियाबाद के निवर्तमान सभापति रो. डॉ. सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में राहत कार्यों के तहत चौथे दिन भी भोजन सेवा का आयोजन किया गया।
इस सेवा अभियान में रोटरी क्लब गाजियाबाद हिंडन ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए इस बार भोजन के साथ-साथ जरूरतमंदों के लिए जल वितरण की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिससे पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके। इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एवं रोटरी अध्यक्ष एस. वल्ली अपनी कनिष्ठ सहयोगी के साथ सेवा कार्य में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी रेडक्रॉस के साथ मिलकर जनपद गाजियाबाद में जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का प्रायोजन बी. डी. चौधरी द्वारा किया गया, जिन्होंने गर्मी की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त जल वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। इस सेवा अभियान को सफल बनाने में सुभाष गुप्ता, एम.सी. गौड़, विपिन अग्रवाल, संजय वर्मा और योगेश सक्सैना का विशेष सहयोग रहा। सेवा कार्य में जुटे सभी लोगों ने यह संदेश दिया कि जरूरतमंदों की मदद ही सच्चे अर्थों में मानवता और ईश्वर की सेवा है। ‘आओ साथ चलें’ – इसी भावना के साथ समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का आह्वान भी किया गया।












