श्रावस्ती जनपद के सिरसिया ब्लॉक क्षेत्र में अचानक बदले मौसम ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। गुरुवार देर शाम होते ही गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई, जो रुक-रुक कर पूरी रात जारी रही। इस बारिश से मौसम काफी ठंडा हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश और तेज हवाओं के कारण बाजारों में सन्नाटा छा गया। दुकानदारों ने समय से पहले ही अपनी दुकानें बंद कर दीं और लोग भी जल्द घरों की ओर लौटते नजर आए। हालांकि शुक्रवार को सुबह होते ही तेज धूप निकली लेकिन कुछ देर के बाद फिर से बादल छा गया, लेकिन रात की बारिश ने गर्मी का असर काफी हद तक कम कर दिया। तेज हवा के चलते कई जगहों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जिससे कुछ समय के लिए अंधेरा छा गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं इस बारिश से गन्ना और मक्के की फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इधर, इस समय शादी और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों का सीजन चल रहा है। ऐसे में अचानक हुई बारिश के कारण कई जगहों पर कार्यक्रमों में व्यवधान देखने को मिला और लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से पड़ रही गर्मी के बाद हुई इस बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है, हालांकि तेज हवाओं, बिजली कटौती और कार्यक्रमों में आई बाधाओं ने कुछ परेशानियां भी बढ़ाई हैं।
सिरसिया क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश से मिली राहत:भीषण गर्मी से लोगों को मिला निजात, फसलों को भी फायदा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












