खेसरहा क्षेत्र की ग्राम पंचायत परोई में स्थित आरआरसी सेंटर तेज आंधी-तूफान के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। भवन का एक बड़ा हिस्सा ढह गया है और अब यह खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीण इसके निर्माण की गुणवत्ता और उचित रखरखाव पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान सेंटर परिसर में लगा एक बड़ा पेड़ भवन पर गिर गया था। इस घटना से इमारत का एक बड़ा हिस्सा टूट गया। दीवारों और छत में भी दरारें आ गई हैं, जिससे भवन की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का कभी उचित रखरखाव नहीं किया गया। उनका कहना है कि इसी उपेक्षा के कारण इसकी हालत जर्जर हो गई है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द आरआरसी सेंटर की मरम्मत कराने की मांग की है। गांव निवासी रामकुमार यादव ने बताया कि पेड़ गिरने से भवन को काफी नुकसान हुआ है, जिससे भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ओमप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि क्षतिग्रस्त होने के कारण आरआरसी सेंटर का उपयोग भी ठीक से नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण शिवम पांडे ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो भवन पूरी तरह से ध्वस्त हो सकता है। रामअवतार निषाद के अनुसार, इस संबंध में संबंधित विभाग को कई बार सूचना दी गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्राम प्रधान सुरेंद्र पांडे ने स्वीकार किया कि आंधी-तूफान के कारण पेड़ गिरने से आरआरसी सेंटर क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है और भवन को सुरक्षित रखने के लिए जल्द ही मरम्मत कराने का प्रयास किया जाएगा।
परोई में आरआरसी सेंटर आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त:भवन खंडहर में बदला, ग्रामीण निर्माण गुणवत्ता पर उठा रहे सवाल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












