संत कबीर नगर ।* युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार MY Bharat के तत्वावधान में संचालित “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ0 सलोनी गर्ग एवं विशिष्ट अतिथि प्राचार्य प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रमोद त्रिपाठी ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 250 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने गीत, समूह नृत्य, एकल नृत्य, नुक्कड़ नाटक, एकल अभिनय, भाषण, रैप/बीट बॉक्सिंग, स्लोगन लेखन एवं स्लैम पोएट्री जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी रचनात्मक एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा उन्मूलन का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान ने प्रतिभागियों को MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया एवं युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी देते हुए राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। इसके उपरांत उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं अतिथियों को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” की शपथ दिलाई तथा नशा मुक्त समाज एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प दिलाया। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ भी दीं।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत संत कबीर नगर के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुधांश त्रिपाठी, युवा कल्याण विभाग से आराधना द्विवेदी, रितेश गुप्ता, मुकेश आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायक मंडल, शिक्षकों, सहयोगी संस्थाओं एवं प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया तथा युवाओं से नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।












