HomeHealth & Fitnessगैस एजेंसी गोदाम में कर्मचारी की संदिग्ध मौत, आग में झुलसे कर्मचारी...

गैस एजेंसी गोदाम में कर्मचारी की संदिग्ध मौत, आग में झुलसे कर्मचारी की मौके पर मौत

सीकर। जिले के श्रीमाधोपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह भारत गैस एजेंसी के गोदाम में एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक कर्मचारी आग की लपटों में बुरी तरह झुलसा मिला। गोदाम में बड़ी संख्या में भरे हुए गैस सिलेंडर रखे होने से बड़ा हादसा होने का खतरा भी बना रहा।

घटना मूंडरू कस्बे की है, जहां मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे भारत गैस एजेंसी के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। मृतक की पहचान अरनियां की नदीवाली ढाणी निवासी 50 वर्षीय बाबूलाल यादव पुत्र कानाराम यादव के रूप में हुई है। अधिक झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के बेटे मोहनलाल यादव ने बताया कि सुबह गैस एजेंसी संचालिका चिंकी कुलवाल का फोन आया था। उन्होंने बताया कि उसके पिता ने खुद को आग लगा ली है। सूचना मिलते ही वह अपने बड़े भाई प्रकाश के साथ मौके पर पहुंचा।

मोहनलाल के अनुसार जब वे गोदाम पहुंचे तो वहां चारों तरफ धुआं फैला हुआ था और उसके पिता गंभीर रूप से झुलसे पड़े थे। उसने आरोप लगाया कि मौके पर गैस एजेंसी संचालिका मौजूद नहीं थीं। परिजनों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और बाद में बाबूलाल का शव बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार बाबूलाल यादव पिछले 12 से 13 वर्षों से गैस एजेंसी में कार्यरत था। वह सिलेंडर डिलीवरी के साथ गोदाम की रखवाली का काम भी करता था। अचानक हुई इस घटना से परिवार और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।

घटना की सूचना मिलने पर श्रीमाधोपुर पुलिस सुबह करीब 9:15 बजे मौके पर पहुंची। इसके बाद रींगस और श्रीमाधोपुर नगरपालिका की फायर ब्रिगेड टीमों ने आग पर काबू पाया। उस समय गोदाम में धुआं भरा हुआ था और कई स्थानों पर आग सुलग रही थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या माना जा रहा है, लेकिन पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं यह हादसा तो नहीं था। गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने गोदाम के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर जांच शुरू कर दी है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments