बांग्लादेश के चटगांव स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग से मंगलवार सुबह एक चौंकाने वाली खबर सामने आई। मिशन परिसर के अंदर एक भारतीय अधिकारी का शव मिलने से दूतावास और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 38 वर्षीय नरेंद्र धर के रूप में हुई है, जो भारतीय मिशन में असिस्टेंट प्रोटोकॉल ऑफिसर के पद पर तैनात थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नरेंद्र धर का शव पुराने वीजा सेंटर भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित डेटा एंट्री रूम के बाथरूम के बाहर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दूतावास के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: ‘मेरी प्रेस कॉन्फ्रेंस है टोको मत’, हेले लिंग पर भड़क गए सिबी जॉर्ज
बताया जा रहा है कि दूतावास के अधिकारियों ने जब नरेंद्र धर के कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्हें शक हुआ। काफी देर तक संपर्क न होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे की जांच के दौरान शव बरामद किया गया।
बांग्लादेश में भारत का मुख्य हाई कमीशन ढाका में है। भारतीय असिस्टेंट हाई कमीशन चटगांव, खुलना, राजशाही और सिलहट में भी काम करते हैं। इस घटना के बाद, भारतीय मिशन के अधिकारियों ने चिंता जताई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सूत्रों का कहना है कि बांग्लादेश में भारतीय हाई कमीशन प्रोटोकॉल ऑफिसर के परिवार के संपर्क में है। ऑटोप्सी के नतीजों का इंतजार है।
यह भी पढ़ें: अफ्रीका में फैला कोरोना जैसा वायरस, 120 लोगों की मौत; WHO ने घोषित की इमरजेंसी
शव को चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मोर्चरी में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज किया जाएगा और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव भारतीय सहायक उच्चायोग के अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह सामान्य मौत है या इसके पीछे कोई और वजह है।












