तेजवापुर विकास खंड के पंचायत सहायकों ने जनगणना कार्य के लिए शहरी क्षेत्रों में लगाई गई ड्यूटी का विरोध करते हुए बुधवार को डीएम से मुलाकात की और सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि उनकी ड्यूटी संबंधित ग्राम पंचायतों में ही लगाई जाए, ताकि कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। पंचायत सहायकों ने स्पष्ट किया कि उन्हें जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य से कोई आपत्ति नहीं है और वे पूरी जिम्मेदारी के साथ इसे करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, वर्तमान में उनकी तैनाती तहसील क्षेत्र के शहरी मोहल्लों में किए जाने से व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं। सहायकों का कहना है कि वे पहले से ही अपनी ग्राम पंचायतों में निर्वाचन, एसआईआर एवं अन्य विभागीय कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में दूरस्थ शहरी क्षेत्रों में अतिरिक्त ड्यूटी करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सीमित मानदेय में रोजाना दूर-दराज क्षेत्रों तक पहुंचना आर्थिक रूप से भी भारी पड़ रहा है। लगातार भागदौड़ और बढ़ती जिम्मेदारियों के कारण मानसिक दबाव भी बढ़ रहा है। पंचायत सहायकों ने आशंका जताई कि यदि यही स्थिति बनी रही तो जनगणना कार्य की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जनगणना ड्यूटी ग्राम पंचायत स्तर पर ही लगाई जाए, जिससे वे स्थानीय जानकारी के आधार पर बेहतर तरीके से कार्य कर सकें और समयबद्ध रूप से जिम्मेदारी निभा सकें। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों की भौगोलिक एवं सामाजिक स्थिति से परिचित होने के कारण आंकड़ों की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी। इस दौरान रुद्र प्रताप त्रिपाठी, गणेश, रमन शुक्ला, पूजा, वंदना वर्मा, सपना यादव, अनीता, शशांक त्रिपाठी, सुनील साहू, सचिन वर्मा, सूरजपाल, रूपा देवी, संदीप यादव, मनोज कुमार विश्वकर्मा, अनिल कुमार, निर्मल शुक्ला, अशोक कुमार, रवि यादव, हिना, अमरजीत यादव, गुरु चरण सहित अन्य पंचायत सहायक मौजूद रहे।
Tag: डयटतजवपर
-

ग्रामीण क्षेत्रों में लगाई जाए जनगणना की ड्यूटी:तेजवापुर के पंचायत सहायकों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, शहरी क्षेत्रों में लगी ड्यूटी पर जताई आपत्ति