देशभर में गर्मी का सितम बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने आज यानी 17 अप्रैल को कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी कर दिया है। कल और आज के तापमान में कई राज्यों में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह बढ़ोतरी आज भी जारी रह सकती है। इसके साथ ही कुछ राज्यों में तूफान का अलर्ट भी जारी किया गया है और कुछ राज्यों में बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, जिन राज्यों में बारिश होने की संभावना है उनमें दिल्ली, बिहार, हिमाचल, राजस्थान, चंडीगढ़, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम समेत कुल 13 राज्य शामिल हैं।
मौसम विभाग ने 17 अप्रैल के लिए दिल्ली में मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शाम होते-होते गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कल पूरा दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है लेकिन कल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
यह भी पढ़ें: 3 चेहरे, 60 सीटें, मांग एक, गठबंधन के साथी UP में कैसे BJP पर बना रहे दबाव?
यूपी-बिहार का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में गर्मी अब अपना कहर बरपाना शुरू कर देगी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज धूप और लू के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
बिहार में भी उत्तर प्रदेश की तरह ही मौसम साफ रहने की संभावना है जिससे गर्मी बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं 22 अप्रैल तक तापमान के 41 डिग्री तक जाने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश की घटनाएं भी हो सकती हैं लेकिन इससे तापमान पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
इन राज्यों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में तो कई जगहों पर तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बाड़मेर में सबसे अधिक 42.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान पहुंच गया है। इसको देखते हुए लू का अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और मौसम विभाग ने सतर्क रहने के लिए कहा है।

पूर्वोत्तर में बारिश
पूर्वोत्तर भारत में मौसम की गतिविधियां अभी भी जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश में 18 से 20 अप्रैल के दौरान बारिश होने की संभावना है। असम और मेघालय में 16 से 19 अप्रैल के दौरान और सिक्किम में 18 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, बिजली और गरज के साथ तूफान आने की संभावना है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: बंगाल SIR में नाम कटने पर किसे मिलेगा वोट का हक? SC ने तय किया अधिकार
अन्य राज्यों का हाल
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में आज बारिश का दौर एक बार फिर से शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके असर मौसम करवट लेने वाला है। आज से रविवार तक राज्य के हिमालयी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश -बर्फबारी और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। इसका असर ल्लू, मंडी, कांगड़ा, चंबा जैसे जिलों में ज्यादा होगा।
जम्मू-कश्मीर की बात करें तो यहां मौसम पिछले कुछ दिनों से शुष्क है। हालांकि, आज मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी हिस्सों में बादलों की तेज आवाजाही होगी और अगले तीन दिन तक रुक-रुक कर बादलों की गर्जन के साथ बारिश और कहीं-कहीं हल्की बर्फबारी के साथ ओले गिर सकते हैं।
उत्तराखंड की बात करें तो यहां कुछ हिस्सों पर बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश, रुड़की, श्रीनगर, कोटद्वार और विकासनगर के निचले क्षेत्रों पर गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तराखंड के कुछ पहाड़ी हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।












