Homeदेश (National)दुबई से चल रहा था आतंकी नेटवर्क: लखनऊ ब्लास्ट साजिश में 4...

दुबई से चल रहा था आतंकी नेटवर्क: लखनऊ ब्लास्ट साजिश में 4 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड आकिब फरार

लखनऊ । देश में आतंकी साजिश रचने के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। यूपी एटीएस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लखनऊ रेलवे स्टेशन पर विस्फोट करने की साजिश रच रहे थे।पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड मेरठ का रहने वाला आकिब है, जो वर्तमान में दुबई में रहकर इस नेटवर्क को संचालित कर रहा है। बताया जा रहा है कि आकिब ने ही मुख्य आरोपी साकिब को सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स से जोड़ा था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क में थे और देश विरोधी गतिविधियों की योजना बना रहे थे। साकिब और उसके साथियों को लखनऊ रेलवे स्टेशन पर घटना को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में साकिब उर्फ डेविल, अरबाब, गौतमबुद्धनगर निवासी विकास उर्फ रौनक और लोकेश उर्फ पपला पंडित शामिल हैं।एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि आकिब पाकिस्तान के हैंडलर्स के संपर्क में है और भारत में ऐसे मॉड्यूल तैयार करने का काम कर रहा था। उसके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

जांच एजेंसियों को आकिब के सोशल मीडिया अकाउंट से कुछ संदिग्ध तस्वीरें भी मिली हैं, जिनमें वह हथियारों के साथ नजर आ रहा है। इन सुरागों के आधार पर ही जांच को आगे बढ़ाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से यूपी एटीएस को 5 दिन की रिमांड मिली है। अब उनसे पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और साजिश के पूरे प्लान की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी खुलासा हो सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments