HomeHealth & Fitnessगुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी के गेट के बाहर आवारा पशुओं का आतंक

गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी के गेट के बाहर आवारा पशुओं का आतंक

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी के गेट के बाहर आवारा गायों और बैलों का जमावड़ा लगातार परेशानी और खतरे का कारण बनता जा रहा है। गेट के आसपास बाहर के लोगों के साथ-साथ सोसायटी के कुछ लोगों द्वारा भी पशुओं को खाना खिलाए जाने के कारण बड़ी संख्या में पशु यहां भोजन की उम्मीद में घूमते रहते हैं। इससे सोसायटी में आने-जाने वाले निवासियों, बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

सोसायटी के बुजुर्ग निवासी  दिनेश सिंह ने इस मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गेट के बाहर पशुओं को खाना खिलाने के कारण वे भोजन की उम्मीद में उसी स्थान के आसपास मंडराते रहते हैं। जब उन्हें खाना नहीं मिलता तो कई बार वे चिड़चिड़े और आक्रामक हो जाते हैं तथा सामने आने वाले व्यक्ति पर हमला तक कर सकते हैं।दिनेश सिंह  ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, मैं स्वयं इसका भुगतभोगी हूं। मुझ पर बैल हमला कर चुका है। एक सम्मानित महिला पर भी पशु द्वारा हमला हो चुका है। इसलिए सभी लोग सावधानी बरतें और गेट के आसपास पशुओं को खाना खिलाने से बचें।

उन्होंने कहा कि गेट के बाहर पशुओं को खाना खिलाने से रोकने अथवा ऐसा नहीं करने की अपील करने पर कई बार संबंधित लोगों द्वारा अभद्र व्यवहार भी किया जाता है। उनका कहना है कि पशुओं के प्रति संवेदनशीलता जरूरी है, लेकिन सोसायटी के मुख्य गेट और सार्वजनिक रास्ते को पशुओं को खाना खिलाने का स्थान बना देने से लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।वहीं, गौरव बंसल ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी एवं नगर निगम को पत्र भेजकर गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी के गेट के बाहर घूम रहे आवारा गायों और बैलों को हटाने की मांग की है। उन्होंने अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

गौरव बंसल ने कहा कि सोसायटी के गेट के बाहर बड़ी संख्या में पशुओं का खड़ा रहना किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को इन पशुओं से खतरा बना रहता है। उन्होंने मांग की कि आवारा पशुओं को सुरक्षित तरीके से हटाने के साथ ऐसी व्यवस्था भी की जाए, जिससे वे दोबारा सोसायटी के प्रवेश द्वार के आसपास जमा न हों।उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं को खाना खिलाने से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों एवं स्थानीय प्रशासन के नियमों का पालन किया जाना चाहिए। पशुओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए भी उन्हें सोसायटी के मुख्य गेट और आवागमन वाले स्थान पर भोजन कराने से बचना चाहिए।

गौरव बंसल ने सभी निवासियों और बाहर से आने वाले लोगों से अपील की कि गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी के गेट के आसपास गाय, बैल अथवा अन्य आवारा पशुओं को खाना न खिलाएं। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी न केवल पशुओं बल्कि सोसायटी के निवासियों की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है।इस समस्या को लेकर सामने आई तस्वीरों में भी सोसायटी के गेट के आसपास बड़ी संख्या में गाय और बैल सड़क पर खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिससे रास्ते से गुजरने वाले लोगों और वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments