HomeHealth & Fitnessदूल्हे के भागने का ड्रामा खत्म, पल्सर और 61 हजार लौटाकर हुआ...

दूल्हे के भागने का ड्रामा खत्म, पल्सर और 61 हजार लौटाकर हुआ समझौता

मीरजापुर।जयमाल के बाद दूल्हे के फरार होने से मचे हंगामे का आखिरकार गुरुवार को पटाक्षेप हो गया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच घंटों चली पंचायत के बाद दूल्हा पक्ष ने दहेज में मिली पल्सर बाइक और 61 हजार रुपये नकद लौटाने पर सहमति जताई। इसके बाद लड़की पक्ष ने विवाह से इनकार करते हुए समझौता स्वीकार कर लिया।

मड़िहान थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात प्रयागराज जिले के हरगढ़ गांव से बारात आई थी। जयमाल के बाद दूल्हा अशोक अपने दो साथियों के साथ दहेज में मिली पल्सर बाइक लेकर फरार हो गया था। घटना के बाद नाराज कन्या पक्ष ने दूल्हे के पिता राजमणि समेत बारातियों के तीन वाहनों को रोक लिया था। मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाया था।

गुरुवार को थाने में दिनभर चली बातचीत के बाद दूल्हा पक्ष ने पल्सर बाइक और 61 हजार रुपये वापस कर दिए। इसके बाद लड़की पक्ष ने विवाह संबंध समाप्त करने का फैसला लिया। कन्या के पिता ने कहा कि अब वह अपनी बेटी की शादी इस युवक से नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी के लिए कर्ज लेकर बाइक और नकद राशि दी गई थी। दूल्हे के भाग जाने से परिवार गहरे सदमे में था, लेकिन समझौते के बाद राहत मिली है।

समझौता होने के बाद बुधवार रात से रोके गए तीनों वाहनों को भी छोड़ दिया गया। इससे गांव में बना तनाव का माहौल समाप्त हो गया।थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौता कर चुके हैं। किसी पक्ष ने कोई कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की है, इसलिए मामला समाप्त कर दिया गया है।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments