HomeHealth & Fitness10 वर्षों में भी नहीं बन सका मार्ग, जर्जर सड़क से रोज...

10 वर्षों में भी नहीं बन सका मार्ग, जर्जर सड़क से रोज गुजर रहे हजारों राहगीर

 ग्रामीणों ने डीएम इंद्रजीत सिंह और विधायक राजेश गौतम से लगाई गुहार

सुल्तानपुर। जनपद के करौदीकला ब्लॉक मुख्यालय से पौराणिक तीर्थ स्थल बिजेथुआ महावीरन को जोड़ने वाला करीब 1.5 किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग पिछले एक दशक से बदहाल पड़ा है।

सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण रोजाना हजारों राहगीरों और सैकड़ों वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग उठाई है।

करौदीकला क्षेत्र का यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग ब्लॉक मुख्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्लॉक संसाधन केंद्र, विकासखंड कार्यालय, इंटर कॉलेज, जूनियर हाई स्कूल एवं प्राथमिक विद्यालय को जोड़ता है।

इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 5000 से अधिक राहगीर और 1000 से अधिक वाहन गुजरते हैं, जबकि लगभग 2000 छात्र-छात्राएं भी इसी रास्ते से विद्यालय आते-जाते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह बने गहरे गड्ढे अब जानलेवा साबित हो रहे हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाने से आए दिन लोग गिरकर घायल होते रहते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार बीते तीन महीनों में करीब 25 से अधिक लोग इस मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो चुके हैं।
ग्रामीण राजेंद्र वर्मा, धीरू सिंह, शेषनाथ मिश्र, कमलेश मिश्रा और राजकुमार मिश्रा सहित अन्य लोगों ने बताया कि प्रसूताओं एवं मरीजों को अस्पताल ले जाने में सबसे अधिक दिक्कत होती है।

कई बार एंबुलेंस भी गड्ढों में फंस जाती है, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों से इस गंभीर समस्या की ओर न तो प्रशासन का ध्यान गया और न ही जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस पहल की।

लोगों ने जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं स्थानीय विधायक राजेश गौतम से सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है।

 मामला संज्ञान में आया है। संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिया गया है। जनहित को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई कर मार्ग की समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

इंद्रजीत सिंह जिलाधिकारी, सुल्तानपुर।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments