सीतापुर : सीतापुर के महमूदाबाद क्षेत्र के चालाकापुर गांव में आकाशीय बिजली के गिरने से भीषण आग लग गई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 7 वर्ष की बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
मृतकों में फूलमती पत्नी शत्रुध्न और 60 वर्षीय दुरा पत्नी भगौती प्रसाद (निवासी बड्डूपुर, बाराबंकी) शामिल हैं। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
अधजली किताब पर पेन चलाती दिखी बच्ची
इसी अग्निकांड के बीच एक तस्वीर सामने आई, जिसने सभी को भावुक कर दिया राख के ढेर के पास बैठी एक बच्ची अधजली किताब पर पेन चलाती दिखी। घर-गृहस्थी जल जाने के बाद भी पढ़ाई से जुड़ी यह जिद, मां की आंखों में तैरते सपनों और बच्चे के भविष्य की चिंता को बयां करती है।
हर संभव सहायता का आश्वासन
घटनास्थल पर पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और त्वरित राहत के निर्देश दिए। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की मदद का भरोसा दिलाया है। यह घटना सिर्फ आगजनी नहीं, बल्कि उन सपनों की कहानी भी है जो राख में दब गए और उस जज्बे की, जो अधजली किताब के पन्नों पर अब भी जिंदा है।
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार












