खैरा तेजवापुर क्षेत्र में बेमौसम बारिश ने गेहूं की फसलों को बुरी तरह प्रभावित किया है। मंगलवार रात करीब 8 बजे तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई। कई किसानों की कटी हुई फसलें पानी में डूब गईं। बुधवार सुबह 9 बजे बारिश थमने और 10 बजे धूप निकलने के बाद किसानों को थोड़ी राहत मिली, जिसके बाद वे अपनी फसलों को सुखाते नजर आए। किसान अमृत लाल, नंद कुमार, संतोष कुमार और हसनू ने बताया कि बेमौसम बारिश के कारण पकी हुई गेहूं की फसलें पहले ही गिर गई थीं। अब इस बारिश से गेहूं के दाने काले पड़ गए हैं, जिससे गुणवत्ता पर गंभीर असर पड़ा है। किसानों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने चार महीने तक दिन-रात मेहनत करके गेहूं की फसल को छुट्टा जानवरों से बचाया था। फसल पककर तैयार हुई थी, लेकिन बेमौसम बारिश ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। किसानों को डर है कि यदि इसी तरह बारिश जारी रही, तो शायद गेहूं घर तक पहुंचाना भी मुश्किल हो जाएगा। दिन में धूप निकलने पर वे कटी हुई फसल को सुखाते हैं, लेकिन रात में फिर बारिश आ जाती है, जिससे फसल दोबारा भीग जाती है। यह स्थिति उनकी मेहनत को बर्बाद कर रही है और उन्हें बड़ी दुर्दशा का सामना करना पड़ रहा है।
खैरा क्षेत्र में बेमौसम बारिश से गेहूं की फसलें प्रभावित:तेज हवाओं संग रात में शुरू हुई बारिश, किसानों की चिंता बढ़ी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











