बहराइच के नानपारा तहसील सभागार में डीएम अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान एक महिला ने पुलिस कार्रवाई से त्रस्त होकर जान देने की धमकी दी, जिससे हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। नवाबगंज थाने से आई महिला ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। महिला के जान देने की बात कहने पर पुलिस उपनिरीक्षक ममता यादव को उसे शांत करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वरिष्ठ अधिवक्ता रूप नारायण जायसवाल ने मिहीपुरवा न्यायालय में चल रहे एक वाद में क्षेत्रीय अधिवक्ताओं के असहयोग से आ रही समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी त्रिपाठी ने इस संबंध में एसडीएम मिहीपुरवा से बात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जुबली गंज निवासी सरिता साहू ने नगर में आवास की दूसरी किस्त का भुगतान न होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जियो टैग के अभाव में किस्त नहीं मिल पा रही है, जिससे लाभार्थियों को समय पर आवास पूरा करने पर मिलने वाले बोनस का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शिवपुर ब्लॉक निवासी मीना मिश्रा ने बिना विद्युत कनेक्शन के बिजली बिल आने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर अधिशासी अभियंता ने जांच के बाद बिल माफ करने का आश्वासन दिया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजय कुमार शर्मा, उपजिलाधिकारी नानपारा मोनालीसा जौहरी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह और तहसीलदार नानपारा शैलेश अवस्थी सहित अधिकांश विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे।
समाधान दिवस में महिला ने जान देने की धमकी दी:नानपारा में पुलिस कार्रवाई से त्रस्त होकर डीएम के सामने कही बात
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












