मोहनलालगंज,लखनऊ। निगोहां के त्रिलोकपुर गांव में सोमवार को नागपंचमी का त्योहार पारंपरिक और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दंगल प्रतियोगिता और आल्हा गायन ने ग्रामीणों में खासा उत्साह भर दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में पहुंचकर पहलवानों के दांव-पेंच और आल्हा गायन का आनंद लिया।
कार्यक्रम के आयोजक ग्राम प्रधान कन्हैया लाल यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नागपंचमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सांसद आरके चौधरी, पूर्व विधायक अमरीश पुष्कर, अमरपाल सिंह, श्रवण यादव, नवनीत सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दंगल में स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में करन, अभिषेक, रोहित और संजय तथा राहुल समेत गांव के ही बच्चों ने विभिन्न मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। विजेता प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए अतिथियों ने उन्हें सम्मानित किया।












