मथुरा । उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा के थाना बलदेव पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए सनसनीखेज महिला हत्याकांड का खुलासा करते हुए बुधवार काे दो आरोपिताें को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपिताें के कब्जे से अवैध असलाह, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कार और अन्य सामान बरामद किया गया है।
बुधवार सुबह सीओ महावन श्वेता वर्मा ने बताया कि 13 अप्रैल 2026 को यमुना एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 130.8 (नोएडा से आगरा की ओर) पर करीब 26 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला था। जांच में मृतका की पहचान निकिता चन्द निवासी देवरिया के रूप में हुई थी, जिसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। इस संबंध में थाना बलदेव में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी। 21 अप्रैल की रात करीब 10ः09 बजे छौली पुलिया पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में शामिल आरोपित औरा (हौण्डई) कार से आ रहे हैं। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो कार सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिए गए।
उन्हाेंने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें ने अपने नाम ब्रजेश कुमार निवासी औरेया तथा विकास निवासी इटावा बताए हैं। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 तमंचे (.315 बोर), 4 खोखा कारतूस, 4 जिंदा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कार, एक पाना, एक पेचकस तथा मृतका का आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और लाल पर्स बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चन्द रावत ने बताया आरोपिताें के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।












