सिद्धार्थनगर के चिल्हिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र के कटहना बनरही गांव निवासी रिजवान अपनी मां साफिया, तीन भतीजों और एक भतीजी के साथ आरटीगा कार से नौगढ़ जा रहे थे। परिवार गांव से निकला ही था कि धेन्सा नानकार गांव के पास एक ई-रिक्शा और उनकी कार के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रिजवान ने कार रोककर ई-रिक्शा चालक को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात बढ़ गई और दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में आसपास के लोग जमा होने लगे। भीड़ बढ़ती गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इसी दौरान कुछ दबंग युवक उग्र हो गए और मामला हिंसा में बदल गया। कार पर बरसाए लाठी-डंडे, बच्चे रोते रहे… मां हाथ जोड़ती रही पीड़ित परिवार के मुताबिक, भीड़ ने पहले ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट की, लेकिन बाद में रिजवान और उसकी कार को निशाना बना लिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से कार के शीशे, दरवाजे और बोनट तोड़ दिए। कार के अंदर बैठे छोटे बच्चे डर से चीखने लगे। रिजवान की मां साफिया लोगों से बेटे को छोड़ देने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी। वायरल वीडियो में भी साफ दिख रहा है कि बड़ी संख्या में लोग युवक को घेरकर मारपीट कर रहे हैं। कई लोगों के हाथ में लाठी-डंडे नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। रिजवान का आरोप है कि करीब 50 लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। हाईवे से घसीटकर तालाब तक ले गए, पानी में डुबो-डुबोकर पीटा घटना का सबसे खौफनाक हिस्सा तब सामने आया, जब भीड़ रिजवान को कार से बाहर खींचकर सड़क किनारे स्थित तालाब तक ले गई। परिवार का आरोप है कि हमलावर युवक को करीब 70 मीटर तक घसीटते हुए तालाब तक ले गए और वहां पानी में डुबो-डुबोकर पीटा। वायरल वीडियो में कुछ लोग रिजवान को तालाब के पानी में दबाए हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि बाहर खड़े अन्य लोग लाठी-डंडे लहराते नजर आ रहे हैं। रिजवान ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी करीब साढ़े पांच तोले की सोने की चेन, घड़ी और मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। परिवार के मुताबिक, रिजवान मुंबई में रहकर पढ़ाई करता है और इंटरमीडिएट का छात्र है। वह कुछ दिन पहले ही गांव आया था और परिवार के साथ नौगढ़ जा रहा था। VIDEO वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव और दहशत का माहौल बना रहा। हाईवे पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने बताया कि वायरल वीडियो और पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है। वहीं घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर दिनदहाड़े हाईवे पर इतनी बड़ी भीड़ किसी युवक को बेरहमी से पीटती रही और कोई उसे बचाने नहीं आया।
युवक को हाईवे से घसीटकर तालाब में पीटा, VIDEO:सिद्धार्थनगर में ओवरटेक में हुआ विवाद, मां और बच्चों के सामने युवक को डुबो-डुबोकर मारा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












