लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के भदेसुआ गांव के एसी मैकेनिक इल्तियाक अली (28) की कुवैत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक की पत्नी और परिवारवाले शव को देश वापस लाने का इंतजार कर रहे हैं। ग्राम प्रधान गीता यादव ने बताया कि इल्तियाक के साथ गए लड़कों से मिली जानकारी के अनुसार उनका शव बाथरूम में मिला।
मृतक इल्तियाक के पिता मुस्ताक शव लाने की गुहार लगाने के लिए गृह मंत्रालय दिल्ली जाएंगे। इल्तियाक अली कुवैत में एक प्राइवेट कंपनी में एसी मैकेनिक के तौर पर कार्यरत थे। उनकी 24 नवंबर 2025 में ही शादी हुई थी। 47 दिन बाद वह 10 जनवरी 2026 को कुवैत कमाने चले गए थे। इल्तियाक अली ने 13 अप्रैल को अपनी पत्नी अफरीन बानो को फोन किया था, लेकिन बात नहीं हो पाई। जब अफरीन ने पति को कॉलबैक फोन किया तो उनका फोन बंद था।
कुछ ही देर बाद उन्हें पति की मौत की खबर पति के साथ गए लोगों से मिली। गांव के कुछ लोग जो इल्तियाक अली के साथ उसी कंपनी में काम करते हैं, उन्होंने फोन पर युवक के पिता को बताया कि इल्तियाक अली बाथरूम गए थे और वहीं उनकी मौत हो गई। हालांकि, बेटे की अचानक मौत पर परिवार ने शंका व्यक्त की है और किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।












