HomeHealth & Fitnessइंदिरा डैम में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, परिवार में...

इंदिरा डैम में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना बीबीडी क्षेत्र स्थित इंदिरा डैम में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना बीबीडी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे थाना बीबीडी पुलिस को सूचना मिली कि इंदिरा डैम में नहाते समय एक युवक पानी में डूब गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बीबीडी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया।

डूबे हुए युवक की पहचान सूरज कुमार पुत्र राम स्वरूप निवासी सरायशेख थाना बीबीडी जनपद लखनऊ के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार युवक की सांस उस समय चल रही थी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सूरज कुमार को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

पुलिस ने अस्पताल से प्राप्त डेथ मेमो के आधार पर शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना बीबीडी पुलिस मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में युवक इंदिरा डैम में नहाने पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने से हादसों का खतरा बना रहता है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments