बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय रामपुरिया में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मिड-डे मील बनाने के दौरान रसोई में रखे गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। घटना के समय विद्यालय में करीब 20 बच्चे मौजूद थे। शिक्षकों और पुलिस की तत्परता से सभी बच्चों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 8:15 बजे हुई। रसोइया बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार करने की तैयारी कर रहा था। जैसे ही उसने गैस सिलिंडर खोला और चूल्हा जलाने का प्रयास किया, गैस रिसाव के कारण सिलिंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते रसोई में आग की लपटें उठने लगीं, जिससे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस, 108 एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही डायल-112 पर तैनात कांस्टेबल सत्येंद्र पाल और हेड कांस्टेबल महावीर ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग पर काबू पा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ समय तक सिलिंडर फटने की आशंका बनी रही, जिससे आसपास मौजूद लोग भयभीत हो गए थे। लेकिन पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आ गई और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना में किसी बच्चे, शिक्षक या कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई। सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। आग बुझने के बाद विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया गया और स्थिति सामान्य होने पर राहत की सांस ली गई।
स्थानीय लोगों ने डायल-112 पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई और साहस की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गैस रिसाव (लीकेज) के कारण यह घटना हुई। मामले की जांच की जा रही है।












