Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित सुविखा बाबू क्षेत्र का किया निरीक्षण:बस्ती में राहत,...

मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित सुविखा बाबू क्षेत्र का किया निरीक्षण:बस्ती में राहत, बचाव और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

#बस्ती_न्यूज

बस्ती। मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने सोमवार दोपहर करीब दो बजे हर्रैया तहसील के बाढ़ प्रभावित सुविखा बाबू क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों के साथ स्वास्थ्य, पेयजल, आवागमन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति और प्रभावित परिवारों को वितरित की जा रही राहत सामग्री की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने राहत और आवागमन के लिए उपलब्ध नावों तथा कटान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित गांवों में जरूरत के अनुसार पर्याप्त नावें उपलब्ध रहें। नावों के संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ‘स्नेक वेनम’ (सर्पविषरोधी दवा) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सर्पदंश के मामलों में तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने एंबुलेंस को क्षेत्र में उपलब्ध रखने और जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने को कहा। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए आवश्यक दवाओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। स्वच्छ पेयजल के लिए क्लोरीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने और उन्हें प्रतिदिन बाढ़ से संबंधित अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने को भी कहा।
मंडलायुक्त ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर राहत सामग्री के वितरण की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें राशन किट उपलब्ध कराई जा रही है। इस पर मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र और प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री समय पर पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद परिवार सहायता से वंचित न रहे।
उन्होंने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में नाव से आवागमन करने वाले प्रत्येक बच्चे को लाइफ जैकेट पहनाना अनिवार्य किया जाए। बच्चों की निगरानी के लिए संबंधित लेखपालों की ड्यूटी लगाने को भी कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अंत में मंडलायुक्त ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और राहत, स्वास्थ्य, पेयजल, खाद्यान्न तथा आवागमन की व्यवस्थाओं को सक्रिय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular