किशनगंज। मिलाद-उन-नबी के अवसर पर 26 अगस्त को जिलेभर में प्रस्तावित जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
मंगलवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्रीफिंग की गई।
इस दौरान अधिकारियों को विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थलों की निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान जिले में हर हाल में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखा जाए। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में समय से पहुंचकर जुलूस के मार्ग, संवेदनशील स्थलों एवं संभावित चुनौतियों का पूर्व आकलन करें।
जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग, समय और प्रशासनिक निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसपी संतोष कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण, पेट्रोलिंग और एरिया डोमिनेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने को कहा गया।
भीड़ नियंत्रण, फोर्स डिप्लॉयमेंट और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
भ्रामक, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री के प्रसार पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। आम लोगों से भी अपुष्ट सूचना और अफवाहों को सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने की अपील की गई।
संवेदनशील स्थानों पर जरूरत के अनुसार सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था, स्वयंसेवकों की पहचान सुनिश्चित करने और उन्हें पूर्व में ब्रीफ करने का निर्देश दिया गया।
जिला एवं अनुमंडल स्तर की क्विक रिस्पांस टीम को अलर्ट रहने को कहा गया। अग्निशमन, एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी तत्पर रखने का निर्देश दिया गया।
जुलूस मार्गों पर विद्युत तार, अवरोध एवं अन्य संभावित जोखिमों की जांच, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने को कहा गया।
शांति समिति की बैठक एवं माइकिंग के माध्यम से लोगों को भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में एसडीओ, विशेष कार्य पदाधिकारी, डीएसपी, दंडाधिकारी, बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।












