#बस्ती_न्यूज
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक मामले में राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अलग-अलग लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनमें धोखाधड़ी की रकम मंगाने और फर्जी मोबाइल नंबरों से नेट बैंकिंग व मोबाइल बैंकिंग संचालित करने का आरोप है। उसे 20 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को निरीक्षक भगवान सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम थाना टीम चेतक तिराहा पर मौजूद थी। मुखबिर से सूचना मिली कि महसो रोड स्थित आशा होटल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। पुलिस टीम मिश्रौलिया स्टेट के पास पहुंची और संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अलवर, राजस्थान निवासी जाहिद खान उर्फ मुनमुन पुत्र फजरुद्दीन के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमे की एफआईआर की प्रति, इंडसइंड बैंक की पासबुक, एक चेक, अलग-अलग लोगों के तीन आधार कार्ड, एक लावा 5जी मोबाइल फोन, ‘भाव्या इलेक्ट्रॉनिक प्रोपराइटर’ की मुहर और 1200 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी जाहिद खान ने बताया कि वह राजस्थान निवासी रिजवान और हरियाणा निवासी निर्मला देवी सहित कई लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। इन खातों में वह साइबर फ्रॉड की रकम मंगाता था और फर्जी नंबरों से नेट बैंकिंग व मोबाइल बैंकिंग संचालित करता था। उसने बरामद आधार कार्डों को फर्जी बताया और साइबर फ्रॉड में उनके इस्तेमाल की बात स्वीकार की। आरोपी ने यह भी बताया कि वह बस्ती में एक फर्म के नाम पर बैंक खाता खुलवाने और नोटिस के निस्तारण के लिए आया था। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में निरीक्षक भगवान सिंह, हेड कांस्टेबल ऋषिवेद तिवारी, अंगद मौर्या और कांस्टेबल अमित कुमार झा शामिल थे। पुलिस ने यह जानकारी शुक्रवार दोपहर 2.33 बजे दी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
साइबर फ्रॉड में राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार:फर्जी खाते खुलवाकर मंगाता था धोखाधड़ी की रकम
RELATED ARTICLES












