लखनऊ। कोतवाली दुबग्गा पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली दुबग्गा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिवम साहू (29) निवासी ग्राम बरावन कला, थाना दुबग्गा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 315 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब चार से पांच वर्ष पहले इसी तमंचे के साथ एक फोटो खिंचवाई थी। वह उस फोटो को लोगों को दिखाकर अपना रौब जमाता था। बाद में उसने यह तस्वीर अपने एक दोस्त को भेज दी। दोस्त ने वह फोटो गांव के अन्य लोगों को दिखा दी, जिससे उसकी चर्चा होने लगी और आखिरकार पुलिस तक इसकी जानकारी पहुंच गई।
आरोपी ने पूछताछ में यह भी कहा कि यदि उसने वह फोटो अपने दोस्त को न भेजी होती, तो शायद वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आता।बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 0230/2026 के तहत धारा 3/25 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय, उपनिरीक्षक लवकुश कुमार, उपनिरीक्षक देवेन्द्र यादव तथा आरक्षी महेन्द्र कुमार की टीम ने अंजाम दिया।












