#बस्ती_न्यूज
अयोध्या-बस्ती फोरलेन पर हर्रैया कस्बे की सर्विस लेन पर मंगलवार शाम करीब 7:45 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार यामाहा आर-15 बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में छह लोग घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लाहिलपारा निवासी डिंपल यादव और शैलेश हैदराबाद में कार्यरत हैं। वे मंगलवार को ट्रेन से अयोध्या कैंट स्टेशन पहुंचे थे। उन्हें लेने के लिए गांव के अंकित कुमार और अमन एक बुलेट बाइक से गए थे। चारों दो बाइकों पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही डिंपल यादव और अंकित कुमार आर-15 बाइक से हर्रैया सर्विस लेन पर पहुंचे, सामने से आ रही एक स्कूटी से उनकी सीधी टक्कर हो गई। स्कूटी पर हर्रैया थाने में तैनात महिला सिपाही नीलम यादव और अदिति वर्मा सवार थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित हुई स्कूटी सड़क किनारे अपनी बाइक के साथ खड़े छपिया शुक्ल निवासी अविनाश शुक्ला से जा टकराई। इस हादसे में अविनाश और वहां मौजूद 10 वर्षीय मासूम शौर्य शुक्ला को भी मामूली चोटें आईं। वहीं, दूसरी बुलेट बाइक पर सवार अमन और शैलेश बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल हर्रैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, आर-15 सवार डिंपल यादव व अंकित कुमार और महिला सिपाही नीलम यादव व अदिति वर्मा को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
दो महिला कांस्टेबल सहित 6 घायल, 4 की हालत नाजुक:अयोध्या-बस्ती सर्विस लेन पर बाइक-स्कूटी की जोरदार टक्कर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











