आगरा । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार काे उत्तर प्रदेश के जनपद आगरा में ताजमहल के अंदर छुपा कर तिरंगा ले जाए जाने और उसको फहराने के प्रयास में तीन हिंदू नेताओं काे हिरासत में लिया गया है।
सीआईएसएफ कमांडेंट वैभव पांडे ने बताया कि ताजमहल में धार्मिक संगठनों की गतिविधियों पर रोक है। शनिवार को पूर्व योजना के तहत अखिल भारतीय हिंदू महासभा से जुड़े कुछ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सामान्य वेशभूषा में तिरंगे को अपने कपड़ों में छुपा कर छदम रूप से ताजमहल में प्रवेश कर गए। ताजमहल में मेहमान खाना के निकट पहुंचकर समय करीब 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज को फहराने का प्रयास किया। ड्यूटी में तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने मौके पर तीन कार्यकर्ताओं को तिरंगा सहित हिरासत में लिया गया।
पूछताछ पर इन लोगों की पहचान नीतू ठाकुर जिलाध्यक्ष महिला विंग, निशा ठाकुर महानगर अध्यक्ष महिला विंग, और मनीष पंडित महानगर अध्यक्ष के रूप में हुई। सीआईएसफ ने तीनों पदाधिकारी को स्थानीय ताजगंज पुलिस के सुपुर्द किया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रातः अखिल भारत हिंदू महासभा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर, अवतार सिंह गिल प्रदेश प्रवक्ता अखिल भारत हिन्दू महासभा और मीना दिवाकर महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा ताजमहल में तिरंगा फहराने की घोषणा करने के बाद सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिसकर्मी सतर्क थे। इससे पूर्व भी यह संगठन ताजमहल पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य गुम्बद के पास तिरंगा फहराने का प्रयास कर चुका है। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर का कहना है कि हम लोगों द्वारा ताजमहल में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का प्रयास आगे भी किया जाएगा।
सीआईएसएफ कमांडेंट ने बताया कि शनिवार को सुबह करीब 10 हिंदू महासभा के पदाधिकारी कपड़ों में छुपा कर कपड़े का तिरंगा अपने साथ अंदर ले गए थे, जहां ताजमहल के अंदर इसको फहराने से पहले ही इन लोगों को हिरासत में लिया गया है।












