श्रावस्ती में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सिरसिया तहसील के जुड़पनिया गांव में एक प्राथमिक विद्यालय से सटी सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया गया। इस कार्रवाई में खलिहान और चकमार्ग की जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। ग्रामीणों ने तहसील दिवस में गाटा संख्या 356 की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। उपजिलाधिकारी सिरसिया ने इस पर संज्ञान लेते हुए राजस्व विभाग को जांच के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि गांव के कुछ लोगों ने प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री से सटी खलिहान और चकमार्ग की जमीन पर झोपड़ी और बाड़ लगाकर कब्जा कर लिया था। इससे बच्चों को स्कूल आने-जाने और किसानों को खलिहान तक पहुंचने में परेशानी हो रही थी। बुधवार को नायब तहसीलदार सिरसिया पुलिस बल के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया और जेसीबी के सामने आ गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर हटा दिया। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में पूरी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया। नायब तहसीलदार सिरसिया ने बताया, “जुड़पनिया में गाटा संख्या 356 खलिहान और चकमार्ग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। स्कूल के बच्चों को आने-जाने में दिक्कत हो रही थी। राजस्व टीम ने पैमाइश की तो कब्जा सही पाया गया। आज जेसीबी से पूरी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है। आगे भी अवैध कब्जों पर इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।” स्थानीय ग्रामीण रामप्रसाद ने इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा, “स्कूल की जमीन पर कब्जा होने से बच्चे खेत से होकर स्कूल जाते थे। बरसात में बहुत दिक्कत होती थी। प्रशासन ने अच्छा काम किया है।” प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि कब्जामुक्त जमीन पर अब गांव के लोग अपना अनाज रख सकेंगे और बच्चों का रास्ता भी साफ हो गया है।
स्कूल की जमीन पर चला बुलडोजर:जुड़पनिया में खलिहान और चकमार्ग की जमीन से हटा अवैध कब्जा
RELATED ARTICLES












