HomeHealth & Fitnessसंपत्ति विवाद में आईटी कर्मी ने फांसी लगाकर दी जान

संपत्ति विवाद में आईटी कर्मी ने फांसी लगाकर दी जान

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णापुरम में शुक्रवार को एक आईटी कंपनी के कर्मचारी ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। कमरे से मिले सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी बड़ी बहन पर जमीन और जेवरात को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

मृतक की पहचान रवि दीक्षित (38) के रूप में हुई है। वह एक आईटी डेटा कंपनी में कार्यरत थे और पिछले करीब चार वर्षों से घर से काम कर रहे थे। उनकी पत्नी ज्योति मिश्रा आज जब कमरे में पहुंचीं तो रवि दुपट्टे के सहारे पंखे से लटके मिले। उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। रवि का आठ वर्षीय बेटा समर्थ है।

पुलिस के मुताबिक, कमरे से मिले सुसाइड नोट में रवि ने अपनी बड़ी बहन छवि पर संपत्ति को लेकर लगातार दबाव बनाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पत्नी ज्योति ने बताया कि माता-पिता की मृत्यु के बाद से ही रवि और उनकी बड़ी बहन के बीच जमीन और जेवरात को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि बहन लगातार संपत्ति के बंटवारे को लेकर दबाव बना रही थी।

ज्योति के अनुसार, 15 अगस्त को भी रवि की बहन घर आई थी और दोनों के बीच संपत्ति को लेकर बातचीत हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान बहन ने रवि से कहा था कि चाहे वह जिए या मरे, जमीन लेकर ही रहेगी। पत्नी का कहना है कि इस विवाद के चलते रवि मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे और पहले भी कई बार आत्महत्या करने की बात कह चुके थे।

ससुर कैलाश ने भी बताया कि दमाद रवि का अपनी बहन के साथ संपत्ति को लेकर विवाद था। इसी वजह से वह काफी परेशान रहता था। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

चकेरी थाने के कार्यवाहक प्रभारी जावेद अहमद ने बताया कि घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular