HomeHealth & Fitnessडीएम ने बालिकाओं संग किया भोजन, परखी विद्यालय की व्यवस्थाएं

डीएम ने बालिकाओं संग किया भोजन, परखी विद्यालय की व्यवस्थाएं

बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शुक्रवार को विकासखंड मोहम्मदपुर देवमल क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, धर्मनगरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं की पढ़ाई, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और विद्यालय में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के समय विद्यालय में अंग्रेजी विषय की परीक्षा चल रही थी। जिलाधिकारी ने परीक्षा दे रही बालिकाओं से बातचीत कर पढ़ाई की गुणवत्ता और विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। बालिकाओं ने बताया कि विद्यालय में पढ़ाई अच्छी तरह कराई जाती है।

वार्डन ने बताया कि बालिकाओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार प्रातः नाश्ते में फल एवं दूध, दोपहर के भोजन में दाल, चावल, रोटी, सब्जी, रायता एवं सलाद दिया जाता है। शाम को चाय, बिस्किट, चने एवं परमल तथा रात्रि में सात बजे भोजन उपलब्ध कराया जाता है।

जिलाधिकारी ने विद्यालय के किचन के सामने बरामदे में तैयार हो रहे भोजन का निरीक्षण किया और भोजन को सुरक्षित एवं स्वच्छ स्थान पर रखने के निर्देश दिए। भोजन की गुणवत्ता और स्वाद परखने के लिए उन्होंने बालिकाओं के साथ बैठकर भोजन किया। भोजन से पहले उन्होंने बालिकाओं के साथ “थैंक गॉड की प्रेयर” भी की।
बालिकाओं की सामान्य जानकारी एवं बौद्धिक क्षमता की परख के दौरान जिलाधिकारी ने उनसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम पूछा। 

सभी बालिकाओं ने एक स्वर में योगी आदित्यनाथ का नाम बताया। इस पर जिलाधिकारी ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें नियमित रूप से फल खाने, भोजन से पहले हाथ अच्छी तरह धोने तथा मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान वार्डन ने विद्यालय की एक ओर की बाउंड्रीवाल गिरने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बाउंड्रीवाल के पुनर्निर्माण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और शैक्षणिक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ बेहतर बनाए रखा जाए। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना, वार्डन, अध्यापिकाएं एवं विद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular