Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में चोरी के 9 दिन बाद भी FIR नहीं:दुबकला गांव का...

श्रावस्ती में चोरी के 9 दिन बाद भी FIR नहीं:दुबकला गांव का मामला, पीड़ित परिवार लगा रहा थाने के चक्कर


श्रावस्ती जनपद में पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोनवा थाना क्षेत्र के दुबकला गांव में एक घर में हुई चोरी की घटना के 9 दिन बाद भी प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं हो सकी है। पीड़ित परिवार लगातार थाने के चक्कर लगाने को मजबूर है, जिससे ग्रामीणों में असंतोष है। जानकारी के अनुसार, दुबकला गांव निवासी राममिलन पुत्र बुधराम के घर में 9 दिन पहले अज्ञात चोरों ने धावा बोला था। पीड़ित परिवार एक शादी समारोह में गया हुआ था, इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित राममिलन ने बताया कि 17 अगस्त को उनके घर में चोरी हुई थी, जिसमें चोर 50 हजार रुपये नकद और करीब 2 लाख रुपये के जेवरात ले गए। उन्होंने घटना के अगले ही दिन सोनवा थाने में लिखित तहरीर दी थी। राममिलन का आरोप है कि पुलिस ने अभी तक FIR दर्ज नहीं की है और वे प्रतिदिन थाने जाते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि गरीब होने के कारण उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। स्थानीय ग्रामीण सुरेश कुमार ने इस मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, अगर 9 दिन में चोरी की FIR नहीं लिखी जाएगी तो आम आदमी कहां जाएगा? पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। इस संबंध में थाना प्रभारी सोनवा, श्याम सुंदर ने बताया कि दुबकला गांव में चोरी की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले की जांच हल्का दरोगा द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर में कुछ तथ्यों की पुष्टि की जा रही थी। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि प्रार्थना पत्र मिल गया है और जल्द ही जांच कर FIR दर्ज की जाएगी तथा विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी पीड़ित को परेशान नहीं किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular