जमुनहा के हरदत्त नगर गिरन्ट वन क्षेत्र में अवैध कटान का एक नया मामला सामने आया है। सुजानडीह बीट के कम्पार्टमेंट संख्या 3 से एक बेशकीमती साखू का पेड़ काट दिया गया है। मौके से कटी हुई लकड़ी गायब मिली है, जिसके बाद वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय सूत्रों से शुक्रवार को कटान की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। यह घटना गुरुवार को हुई बताई जा रही है। हरदत्त नगर गिरन्ट के क्षेत्रीय वनाधिकारी हरिनारायन सिंह ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। हालांकि, वन दरोगा तौफीक खान ने जांच में एक साखू का पेड़ काटे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि हरदत्त नगर गिरन्ट जंगल के कक्ष संख्या तीन में अवैध पेड़ कटान की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लगभग एक माह पहले भी औसानकुण्डी बीट से चोरी-छिपे सागौन के दो पेड़ काटे गए थे।
सुजानडीह जंगल में बेशकीमती साखू का पेड़ काटा:कटी लकड़ी गायब, वन विभाग ने जांच शुरू की
RELATED ARTICLES












