श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुर (भोजपुर) गांव में भैंसों के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सर्वजीत यादव पुत्र रामतीरथ यादव ने इकौना थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5 बजे उनकी भैंस और विपक्षियों की भैंस चरते समय आपस में लड़ गईं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विपक्षी राजन, भकलू उर्फ राम संवारे, नान्हे यादव सहित अन्य लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों, लात-घूंसों से हमला कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ननके पुत्र, रामधीरज और रामतीरथ (पुत्र जगन्नाथ) ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। हालांकि, हमलावरों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। घटना में घायल सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल ननके और रामतीरथ को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भिनगा रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष ने विपक्षियों को दबंग प्रवृत्ति का बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इकौना थाना पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
लक्ष्मनपुर में भैंसों के विवाद का मामला:दो पक्षों में मारपीट, तीन लोग घायल; मुकदमा दर्ज
Recent Comments
on Hello world!











