#बस्ती_न्यूज
बस्ती के विकास खंड सल्टोआ स्थित बाहेरिया ग्राम पंचायत में सुप्रसिद्ध माँ सकरौला समय माता मंदिर के प्रांगण में रविवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में मत्था टेका और विधि-विधान से पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत रविवार सुबह माता रानी के भव्य श्रृंगार और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। मुख्य पुजारी नरेंद्र दास ने विधिवत हवन-पूजन संपन्न कराया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा। पुजारी ने विश्व कल्याण और क्षेत्र की खुशहाली के लिए विशेष आहुतियां अर्पित कीं। हवन की पूर्णाहूति के पश्चात दोपहर में भंडारे का शुभारंभ हुआ। मंदिर समिति और स्थानीय युवाओं की टीम ने व्यवस्था की कमान संभाली। श्रद्धालुओं को शुद्ध देसी घी से निर्मित हलवा-पूरी और सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धा और उल्लास के बीच श्रद्धालुओं ने मंदिर तक पहुँचने वाले मार्ग की जर्जर स्थिति पर अपनी पीड़ा व्यक्त की। भक्तों का कहना था कि यह एक सुप्रसिद्ध सिद्धपीठ है, लेकिन आज तक यहाँ तक पहुँचने के लिए पक्का मार्ग नहीं बनाया गया है। श्रद्धालु कच्चे और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से होकर मंदिर पहुँचने को मजबूर हैं, जिससे विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को काफी कठिनाई होती है। स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने शासन-प्रशासन से अविलंब मार्ग निर्माण की मांग की है। कार्यक्रम को सफल बनाने में जन्मजय सिंह, शिवाजी सिंह, टीपू सिंह, कुलविंदर सिंह, गुड्डू मोदनवाल, अर्जुन सिंह, संतोष गुप्ता, पंकज यादव, रामजी मौर्या, विवेक सिंह, ददन सिंह, गोविंद मोदनवाल, विजयपाल, रामदीन गुप्ता, बैद्यनाथ चौधरी, अनंत कुमार दबे, अन्नू गुप्ता, जोखू भाई, दुर्गेश भारतवंशी और राम प्रसाद चौधरी सहित बड़ी संख्या में सेवादारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शाम को माता की भव्य आरती के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
मां सकरौला समय माता मंदिर में भंडारे का आयोजन:श्रद्धालुओं ने की पूजा, उमड़ा जनसैलाब
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











