सिद्धार्थनगर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में शुक्रवार, 17 अप्रैल को विकास खंड बर्डपुर के ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर-7 स्थित रमवापुर प्राथमिक विद्यालय में ‘ग्राम चौपाल-गांव की समस्या, गांव में समाधान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत खंड विकास अधिकारी बर्डपुर द्वारा जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करने के साथ हुई। चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन का मुख्य उद्देश्य गांवों में ही चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने और उन्हें लाभान्वित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सीमावर्ती गांवों में बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी और सड़कों की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया। किसानों के हितों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने गेहूं की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया, ताकि उन्हें खाद, बीज और अन्य सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल क्षति का मुआवजा दिलाने और किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर बल देते हुए जिलाधिकारी ने पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज मिल सके। उन्होंने वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन से वंचित लोगों को तत्काल लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने, वरासत (उत्तराधिकार) के मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने और भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए भी निर्देश दिए गए।
सिद्धार्थनगर में ग्राम चौपाल में उठी गांव की आवाज:डीएम ने पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












